रियासत जम्मू कश्मीर में पीडीपी भाजपा गठबंधन सरकार बनना तय होने पर मंत्रिपद पाने के लिए दोनों दलों के विधायकों में लॉबिंग जोरों पर हो रही है। भाजपा विधायक दिल्ली तो पीडीपी के विधायक मुफ्ती के दरबार हाजिरी भर रहे।
पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीडीपी संरक्षक मुफ्ती मोहम्मद सईद की शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात में सरकार गठन पर बस मुहर भर लगने की औपचारिकता बाकी है।
दोनों पार्टियों में गठबंधन सरकार पर आम सहमती बन चुकी है और शपथ ग्रहण समारोह की तारीख पर मुहर भी मोदी-मुफ्ती की मुलाकात में लग जाएगी।
ऐसे में भाजपा और पीडीपी विधायकों में मंत्रिपद हासिल करने की होड़ लगी हुई है। पहली बार रियासत में सत्ता में आ रही भाजपा के विधायकों में मंत्री बनने की लालसा कुछ ज्यादा ही दिख रही है।
लगभग हर विधायक लॉबिंग करने में जुटा हुआ है। पार्टी की ओर से मंत्री बनाए जाने वाले विधायकों की सूची हालांकि लगभग तैयार कर ली गई है, लेकिन इसके बावजूद विधायक पूरा जोर लगा रहे हैं। यहीं हाल पीडीपी में भी है। वहां भी पार्टी नेतृत्व का ध्यान खींचने में पार्टी विधायक जीजान से जुटे हुए है।