कठुआ के यूनिवर्सिटी कैंपस में बनाए गए कोविड केयर सेंटर से एक संक्रमित के फरार होने का मामला सामने आया है। इसके बाद पुलिस और प्रशासन में भी अफरा तफरी मच गई है।
हरियाणा निवासी 23 वर्षीय ट्रक चालक चार अगस्त को लखनपुर पहुंचा था जहां आरटीपीसीआर टेस्ट में उसे पॉजिटिव पाए जाने के बाद शाम पांच बजे के लगभग उसे कोविड केयर सेंटर यूनिवर्सिटी कैंपस कठुआ में दाखिल करवाया गया था।
छह अगस्त सुबह उसके नहीं होने के बाद जब जांच पड़ताल की गई तो खुलासा हुआ कि वो फरार हो चुका है। सीएमओ कठुआ डॉ अशोक चौधरी ने बताया कि कोविड पाजिटिव हरियाणा निवासी ट्रक चालक कोविड केयर सेंटर यूनिवर्सिटी कैंपस से फरार हुआ है जिसकी सूचना पुलिस को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि पांच अगस्त की रात को उसने कैंपस में भोजन किया था जिसके बाद सुबह एटेंडेंस में उसे फरार पाया गया है।
उधर, वीरवार को जिले में कोरोना के छह नए मामले रिपोर्ट हुए हैं। इसके साथ ही 28 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें कोविड सेंटरों से छुट्टी दे दी गई है। जिले में यह तीसरा दिन है जब निगेटिव आए लोगों के संख्या अधिक है।
इससे पहले मंगलवार को जहां 38 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी वहीं बुधवार को बीस लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। जिले में अबतक सामने आए कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 565 पहुंच गया है जिनमें से 455 लोग निगेटिव आकर घरों को लौट चुके हैं तो वहीं अब 109 सक्रिय संक्रमित हैं।