संसद की शहरी विकास मंत्रालय से संबंधित स्थायी समिति सोमवार को अनंतनाग पहुंची। दल ने अमृत योजना के तहत बनाई गई कार पार्किंग का निरीक्षण किया। इसके बाद प्रतिनिधि मंडल के सदस्य पहलगाम पहुंचे और लिद्दर नदी के किनारे छड़ी मुबारक की विसर्जन पूजा में भी शामिल हुए। इस समिति में अध्यक्ष जगदंबिका पाल समेत तीस सदस्य शामिल हैं।
अधिकारियों ने कार पार्किंग के संबंध में अवगत कराते हुए समिति को बताया कि अनंतनाग में पार्किंग न होने से लोगों को काफी परेशानी होती थी, लेकिन पार्किंग बनने से जाम की समस्या से निजात मिलेगी। केंद्र सरकार की ओर से 513 करोड़ रुपये से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसमें हर घर को जल मिलने पर जोर दिया गया है।
शहरी विकास से संबंधित संसदीय समिति जम्मू-कश्मीर आवास व शहरी विकास विभाग के प्रतिनिधियों के साथ-साथ वित्त विभाग, स्मार्ट सिटी मिशन, स्वच्छता मिशन, पीएम आवास योजना, अटल मिशन फॉर रेजुवनेशन एंड अर्बन ट्रांसपोर्ट (अमृत ) योजना, मेट्रो परियोजना के साथ-साथ वैकल्पिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम, दीनदयाल अंत्योदय योजना से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक करेगी। साथ ही साथ संसदीय समिति इन योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति की भी समीक्षा करेगी। संसदीय समिति का श्रीनगर, गुलमर्ग जाने का भी कार्यक्रम है। इसके बाद 25 अगस्त को संसदीय समिति लेह जाएगी।