जम्मू। जस्टिस (रिटायर्ड) रंजना प्रकाश देसाई की अगुवाई में परिसीमन आयोग की टीम तीन अप्रैल को जम्मू पहुंचेगी। परिसीमन आयोग की रिपोर्ट को अंतिम रूप देने के लिए प्रदेश में अपने आखिरी दौरे के दौरान आयोग की टीम चुनाव विभाग के अधिकारियों से बैठक करने के अलावा चार अप्रैल को जम्मू व पांच अप्रैल को श्रीनगर का दौरा कर मसौदा रिपोर्ट पर आपत्तियों व सुझावों की जन सुनवाई करेगी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार परिसीमन आयोग ने 14 से 21 मार्च तक मसौदा रिपोर्ट पर आपत्तियां और सुझाव प्रदेश के लोगों से मांगे थे। कुल 409 आपत्तियां व सुझाव आयोग को प्राप्त हुए हैं। ऐसे में हासिल हुई आपत्तियों व सुझावों पर आयोग अपना पक्ष रखेगा।
जम्मू संभाग के दस जिलों के लिए चार अप्रैल को चार घंटे का समय आयोग ने जन सुनवाई के लिए रखा है। चार अप्रैल को जम्मू कन्वेंशन सेंटर में सुबह दस से दोपहर बारह बजे तक कठुआ, उधमपुर, डोडा, रामबन, किश्तवाड़, राजोरी और पुंछ व दोपहर साढ़े बारह बजे से दोपहर ढाई बजे तक आयोग जम्मू संभाग से मिली आपत्तियों व सुझावों पर गौर कर अपना पक्ष रखेगा।
वहीं, पांच अप्रैल को श्रीनगर जिले में स्थित एसकेआईसीसी में आयोग की टीम वहां के दस जिलों से प्राप्त आपत्तियों व सुझावों पर गौर कर अपना पक्ष रखेगी। उल्लेखनीय है कि परिसीमन आयोग की मसौदा रिपोर्ट में जम्मू संभाग में विधानसभा की छह और कश्मीर संभाग में एक सीट को बढ़ाने का प्रस्ताव किया गया है। ऐसे में प्रदेश में कुल 90 विधानसभा सीटों में से जम्मू संभाग में 43 व कश्मीर संभाग में 47 सीटें होंगी।