मारे गए आतंकियों से बरामद हथियार
- फोटो : अमर उजाला
उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करने के दौरान मारे गए तीन पाकिस्तानी आतंकी एलओसी पर फेंसिंग तार काटकर घुसे थे।
मौके से चार एके 47 राइफल की बरामदगी से यह आशंका जताई जा रही है कि एक अन्य आतंकी भी मारा गया है, लेकिन अभी तक उसका शव बरामद नहीं किया जा सका है।
सेना की ओर से शनिवार को मारे गए आतंकियों से बरामद हथियारों को मीडिया के समक्ष रखा गया। इस दौरान सेना के कमांडिंग अफसर आशुतोष ने बताया कि एलओसी से सटे घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करना बड़ी सफलता है।
जंगल क्षेत्र में आतंकियों की गतिविधियों को भांप लिया गया था। पूरे इलाके में अब भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मारे गए आतंकियों से चार एके 47 राइफल व यूबीजीएल ग्रेनेड बरामद किया गया है।