राजोरी के तरकुंडी इलाके में एलओसी के पास रविवार को गिरफ्तार घुसपैठिया मोहम्मद आरिब आतंकियों का गाइड निकला। उसके साथ जैश-ए-मोहम्मद के चार आतंकी भी थे। सतर्क जवानों के फायरिंग करने के बाद आतंकी उल्टे पांव भाग निकले। हालांकि सेना ने इसकी पुष्टि नहीं की। बीएसएफ, सेना और खुफिया एजेंसियों की टीमों ने गाइड से करीब 30 घंटे पूछताछ करने के बाद उसे मांजाकोट पुलिस को सौंप दिया।
रविवार दोपहर करीब 12 बजे बीएसएफ और सेना ने हजूरा पोस्ट के नजदीक आतंकियों के गाइड दबोचा था। वह पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के कोटली डेटोट का रहने वाला है। सूत्रों के अनुसार ड्रोन से ली गई तस्वीरों में कई जगह पर खून के गहरे धब्बे देखे गए। इससे माना जा रहा है कि भागे आतंकी घायल हुए थे। सूत्रों के अनुसार गाइड ने कबूला कि जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादियों के पास भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद था।
आरिब कई बार कर चुका है रेकी, घुसपैठ भी कराया
मोहम्मद आरिब ने पूछताछ में कबूला कि वह आतंकियों का गाइड है। वह पहले भी कई बार इस इलाके की रेकी कर चुका है। क्योंकि वह एलओसी के बिल्कुल नजदीक वाले गांव में रहता है। वह पाकिस्तानी सेना के लिए पहले भी कई बार रेकी कर चुका है। कुछ पहले भी आतंकियों की घुसपैठ करवा चुका है। वहीं, इस मामले में सवाल पर एसएसपी राजोरी गौरव सिकरवार का कहना है कि गाइड से पूछताछ करने के बाद ही वह किसी तरह की जानकारी दे सकते हैं।
मोबाइल और नकदी के साथ किया था गिरफ्तार
बता दें कि गिरफ्तार गाइड के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ था। 20 हजार रुपये की पाकिस्तानी करेंसी के नोट भी मिले। जांच एजेंसियां गाइड से मिले मोबाइल फोन समेत अन्य सामान की जांच कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: Amarnath Yatra 2025: टोकन बंटना शुरू, तत्काल पंजीकरण आज से, कल तड़के रवाना होगा पहला जत्था