भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर लगातार दूसरे दिन पाकिस्तान ने सीजफायर तोड़ा। बुधवार की शाम पाकिस्तान ने भारत की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई के बाद फायरिंग रोक दी थी। लेकिन, वीरवार की शाम को करोल कृष्णा इलाके में पाकिस्तानी रेंजरों ने दो बार सीजफायर तोड़ा।
शाम करीब सवा पांच बजे पाकिस्तान ने करोल कृष्णा गांव को निशाना बनाकर फायरिंग की। इसके तुरंत बाद सीमा सुरक्षा बल ने जवाबी कार्रवाई करते हुए कई राउंड फायर किए। कुछ देर की शांति के बाद पाकिस्तान ने फिर से फायरिंग की। इसके जवाब में बीएसएफ ने भी फायर दागे।
साढ़े पांच बजे के बाद दोनों तरफ से फायरिंग रुक गई। इससे पूर्व दोपहर करीब ढाई बजे बोबिया इलाके में भारत और पाकिस्तान के बीच फ्लैग मीटिंग प्रस्तावित थी, लेकिन किन्हीं कारणों से फ्लैग मीटिंग को स्थगित कर दिया गया।