खराब मौसम के चलते रियासत में कई जगह बिजली आपूर्ति वीरवार को प्रभावित रही। कहीं पावर हाउस को नुकसान पहुंचने से आपूर्ति गुल रही तो कहीं खंभों और बिजली लाइनों की वजह से लोगों को बिना अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ा। जम्मू में मौसम खराब होने से बिजली गिरने के चलते छन्नी पावर हाउस में पैनलों को नुकसान पहुंचने से सुबह सात बजे से बिजली गुल हो गई।
विभागीय अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू करवाया। अधिकारियों के अनुसार रात नौ बजे के बाद ही सप्लाई बहाल होने की उम्मीद है। बारिश और तेज हवाओं के चलते ढांचे को नुकसान पहुंचने से सप्लाई प्रभावित हुई है। जम्मू शहर के अलावा आरएस पुरा, अखनूर, राजोरी, पुंछ, डोडा, भद्रवाह, उधमपुर, कठुआ के कई दूरदराज इलाकों में सप्लाई पर असर पड़ा है।
बिजली की लाइनों और खंभों को नुकसान के चलते भी आपूर्ति में बाधा आई है। विभाग के अधिकारियों के अनुसार मौसम साफ होने के बाद नुकसान का आकलन करने के अलावा आपूर्ति को सुचारु बनाने की तरफ जरूरी कदम उठाए जाएंगे। बिजली विभाग के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर जम्मू सुनील कुमार का कहना है कि खराब मौसम खासतौर से बिजली गिरने से विद्युत ढांचे को नुकसान पहुंचता है। इस वजह से बिजली आपूर्ति प्रभावित होती है।