पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मैत्री प्रस्ताव पर पाकिस्तान ने न सिर्फ नकारात्मक रुख अपनाया बल्कि शत्रुता भी दिखाई। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। पीडीपी के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की बैठक में मुख्यमंत्री ने घाटी में हालात जल्द सामान्य होने की उम्मीद जताई।
उन्होंने कहा कि पीडीपी के लोग विश्वास के माहौल की बहाली के लिए काम करें। हालात बिगड़े जरूर हैं लेकिन निराश होने की जरुरत नहीं है। महबूबा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने 2003 में विश्वास और सद्भाव के एजेंडे की शुरुआत की थी जिसे तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रयासों से गति मिली। अब पीडीपी का एकमात्र एजेंडा उसी अभियान को आगे बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि वह और उनकी सरकार तात्कालिक समाधान नहीं चाहती है बल्कि ऐसा माहौल बनाना चाहती है जिसमें इस तरह हालात पैदा ही नहीं हों। भाजपा भी गठबंधन एजेंडे को ईमानदारी से लागू करना चाहती है। एजेंडे को लागू करने के लिए रियासत और बाहर माकूल माहौल बनाने के लिए काम करना होगा।