अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तनाव को पाकिस्तान ने और बढ़ाने का काम किया है। जम्मू-कश्मीर और पंजाब के बार्डर से लगते नारोवाल जिले में पाकिस्तान रावी दरिया पर बांध बना रहा है।
खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बांध का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है जिसे इसी साल जून महीने में शुरू किया गया था। बाकायदा बरसात के सीजन से पहले बांध तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। बांध निर्माण की सूचनाएं मिलने के बाद से खुफिया तंत्र के कान खड़े हो गए हैं। बांध निर्माण के पीछे पाकिस्तान के मुख्य मकसद को लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं।
खुफिया सूत्रों ने बताया नारोवाल जिले में बांध का निर्माण पाकिस्तान की पंजाब सरकार की आड़ में बनाया जा रहा है। बांध के लिए 40 से 50 करोड़ रुपये का फंड रखा गया है। इस बांध को 6 से 8 किलोमीटर लंबा बनाने की योजना है। 50 फुट ऊंचे इस बांध की चौड़ाई 40 से 60 फुट होने की बात कही जा रही है। बांध का काम लगातार तेजी से चल रहा है। खास बात है कि बांध स्थल अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक है।