भारत पाक सीमा पर पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा। बुधवार देर रात को एक बार फिर पाकिस्तानी रेंजरों ने सीजफायर का उल्लंघन किया।
इस दौरान किसी तरह का नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन सीमांत ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान की चक भूरा और टंडार पोस्ट से रेंजरों ने बुधवार देर रात रिगाल क्षेत्र की 6-आर पोस्ट को निशाना बना कर चार राउंड फायर किए। मौके पर तैनात बीएसएफ जवानों ने पाक की नापाक हरकत की मुंहतोड़ जवाब दिया।
गौरतलब है कि इस माह तीसरी बार पाक रेंजर्स ने सीजफायर तोड़ा है। प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान भी पाकिस्तान ने सांबा सेक्टर में गोलाबारी की थी।
वहीं इस गोलाबारी पर सीमावर्ती क्षेत्र के किसानों का कहना है कि पाकिस्तान हमेशा फसल की रोपाई और फसल काटने के वक्त गोलाबारी करता है। ऐसे में इस माह उसने फिर गोलाबारी की तो किसानों को गेहूं की फसल की कटाई में दिक्कत होगी।