उधमपुर में बीएसएफ काफिले पर हमले के षड्यंत्र में शामिल लश्कर के एक अन्य ओवरग्राउंड वर्कर शौकत अहमद भट को नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) ने रिमांड पर लिया है।
एक दिन पहले पुलवामा में गिरफ्तार किए गए आरोपी शौकत को बुधवार सुबह जम्मू स्थित एनआईए की विशेष अदालत के जस्टिस वाईपी कोतवाल के समक्ष पेश किया गया। अगली पूछताछ के लिए अदालत ने शौकत को 14 दिनों के रिमांड पर भेज दिया है।
अदालत ने शौकत को 15 सितंबर को पेश करने के आदेश दिए हैं। 36 वर्षीय भट ने लश्कर के चार आतंकियों मोहम्मद नावेद याकूब (बाद में जिंदा पकड़ा गया), झाड़गाम उर्फ मोहम्मद भाई, ओकासा और मोहम्मद नोमान उर्फ मोमिन (उधमपुर हमले में ढेर) को घुसपैठ के बाद वाहन से बारामुला के बाबा रेशी से दक्षिण कश्मीर पहुंचाया था। उसके बाद आतंकियों का दल दो हिस्सों में बंट गया था।