जम्मू। संभाग के अस्पतालों में शनिवार से ओपीडी सहित अन्य जरूरी सेवाएं बहाल होने से मरीजों को राहत मिली है। कई अस्पतालों में सोमवार से इलेक्टिव सर्जरी शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इससे अब सीजेरियन के अलावा दूसरी बीमारियों के ऑपरेशन भी हो सकेंगे। टीकाकरण सहित अन्य चिकित्सा सेवाओं को भी मजबूत बनाया जा रहा है। स्वास्थ्य निदेशक जम्मू डॉ. रेणु शर्मा के अनुसार अधिकतर अस्पतालों में पहले से सामान्य चिकित्सा सेवाएं बहाल थीं और इलेक्टिव सर्जरी को बढ़ाने के लिए कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग के अस्पतालों में गायनी, मेडिसिन, सर्जरी, आर्थो, ईएनटी, नेत्र, पेडियाट्रिक, डर्माटोलॉजी, साइकाइटरी, आयूष आदि की ओपीडी चल रही हैं। शहर में एसोसिएटेड अस्पतालों को छोड़कर सरवाल अस्पताल में सभी ओपीडी चल रही हैं। इसके अलावा सभी आपात सेवाओं में इमरजेंसी सर्जरी, सीजेरियन, टीकाकरण, लेबोरेटरी, ब्लड स्टोरेज, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, फिजियोथैरेपी सेवाएं भी चल रही हैं।
शहर के एसोसिएटेड अस्पतालों में शनिवार को हुई महत्वपूर्ण बैठक में एसोसिएटेड अस्पतालों में ओपीडी सहित अन्य सामान्य चिकित्सा सेवाएं बहाल करने के लिए विभागीय अध्यक्षों से सुझाव मांगे गए हैं।
------------------------------------------
फिलहाल इन अस्पतालों में बंद हैं सामान्य चिकित्सा सुविधाएं
मौजूदा समय में जीएमसी, साइकाइटरी, सीडी और गांधीनगर के कोविड अस्पताल होने के कारण यहां सामान्य चिकित्सा गतिविधियां बंद हैं। एसोसिएटेड अस्पतालों में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भी ओपीडी सहित अन्य सामान्य गतिविधियां बंद हैं।
----------------------
कोट्स
एक कमेटी का गठन किया गया है, जो एसोसिएटेड अस्पतालों में सामाजिक दूरी सहित अन्य गाइडलाइन को लागू करने पर अपनी सिफारिशें देगी। सोमवार तक कमेटी की रिपोर्ट आने की उम्मीद है, जिसके बाद एसोसिएटेड अस्पतालों में ओपीडी सहित अन्य सामान्य चिकित्सा सेवाएं बहाल करने पर काम किया जाएगा।
डॉ. नसीब चंद डिगरा, प्रिंसिपल, जीएमसी, जम्मू।