निजी स्कूलों के संबद्धता और मान्यता के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया है। जिस पर निजी स्कूल से जुड़ी सभी जानकारियां एक क्लिक पर उपलब्ध होंगी। उप-राज्यपाल ने पिछले दिनों इस ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ किया था, जिससे जम्मू संभाग के सात हजार के करीब निजी स्कूल संचालकों को लाभ मिलेगा। उन्हें संबद्धता और मान्यता के लिए अब बोर्ड के चक्कर नहीं काटने पड़ेगे।
पोर्टल को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र द्वारा विकसित किया है। जम्मू संभाग में 7 हजार के करीब निजी स्कूल हैं। यह स्कूल जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (जेके बोर्ड) के साथ पंजीकृत हैं। निजी स्कूलों को बोर्ड से अपना पंजीकरण करवाना अनिवार्य होता है।
निजी स्कूल एजुकेशन के अध्यक्ष कमल गुप्ता ने कहा कि सरकार के फैसले का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि हमने प्रमुख सचिव बीके सिंह से मुलाकात कर उन्हें कुछ समय से ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही मोड पर संबद्धता और मान्यता की प्रक्रिया को जारी रखने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी कम है, ऐसे में स्कूल संचालकों को ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन आवेदन की सुविधा मिलनी चाहिए।