शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेस (स्किम्स) में मंगलवार को स्वाइन फ्लू से एक महिला की मौत हो गई। इसके साथ एच1एन1 वायरस की चपेट में आकर घाटी में अब तक चौदह लोग जान गंवा चुके हैं।
विशेष स्वाइन फ्लू की ओपीडी में पहुंचने वाले मरीजों की संख्या में कमी आई है। लेकिन संदिग्ध मरीजों के सैंपल लेना भी जारी है।
स्किम्स की प्रवक्ता सना कुलसुम ने बताया कि अस्पताल में मंगलवार को नौहट्टा श्रीनगर निवासी एक 55 वर्षीय महिला की मौत स्वाइन फ्लू से हुई। उसे गत चार मार्च को स्किम्स में भर्ती किया गया था। अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में एक मरीज का इलाज जारी है।
इस बीच अस्पताल की विशेष ओपीडी में 53 मरीजों को जांचा गया, जिनमें से नौ संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। अभी कई सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है। घाटी में अब तक 394 लोग स्वाइन फ्लू के वायरस से पाजिटिव आ चुके हैं।
स्किम्स में 103 और श्रीनगर के एसएमएचएस अस्पताल में एक मरीज की मौत हो चुकी है। इस बीच जम्मू के चोपड़ा नर्सिंग होम में मंगलवार को दो संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए दिल्ली भेजे गए।
होम के आइसोलेशन वार्ड में अभी दो मरीजों का इलाज चल रहा है। अस्पताल के अधीक्षक डा. रविंद्र रतनपाल के अनुसार विशेष ओपीडी में पहुंचने वाले मरीजों की संख्या में कमी आई है।