बारटा क्षेत्र में वीरवार की सुबह एक ओवरलोड बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे काम कर रहे पिता-पुत्र को रौंदते हुए खाई में जा गिरी। पिता मदन लाल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके पुत्र और बस में सवार पचास यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस हादसे में बस के ड्राइवर की हालत भी गंभीर है। पांच घायलों को चनुनता प्राइमरी हेल्थ सेंटर में भर्ती कराया। जबकि 45 घायलों को जिला अस्पताल उधमपुर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक बस (जेके02डी-3815) सुबह करीब साढे़ नौ बजे रामनगर के पंजग्राई क्षेत्र से उधमपुर की ओर आ रही थी।
तभी बारटा क्षेत्र के समीप एक मोड़ पर बस चालक का बस से नियंत्रण खो गया, जिससे बस तीन-चार पलटे खाकर करीब बीस फुट गहरी खाई में जा गिरी। बस की चपेट में आने से अपने घर के पास ही सड़क किनारे काम कर रहे मदन लाल की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि उसका पुत्र भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी दोनों टांगे बुरी तरह से जख्मी हो गई हैं। जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दुर हुए इस दर्दनाक बस हादसे के दौरान मौके पर चीख-पुकार मच गई। इसी बीच स्थानीय लोगों के साथ पुलिस ने भी मौके पर पहुंच कर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
इसमें बस चालक गोपाल कृष्ण निवासी खैर की नाजुक हालत को देखते हुए उसे जीएमसी जम्मू के बाद अमृतसर रेफर कर दिया गया है। इस दौरान घायलों के इलाज में जुटे डाक्टरों की टीम के अनुसार लाए गए सारे घायलों में कुछेक को छोड़ कर बाकी सब खतरे से बाहर हैं।
हालांकि इस हादसे में कई लोगों को गहरी चोटें आई हैं, जिनका उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के एएसपी मोहन लाल, एसएचओ दीपक पठानियां सहित पुलिस बल के जवान व स्थानीय लोगों ने राहत कार्य चलाया और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।