पीर पंजाल की ऊंची चोटियों के अलावा मुगलरोड पर वीरवार शाम एक बार फिर से बर्फबारी हुई। इससे मुगल रोड का नजारा काफी आकर्षक बन गया। इस दौरान यहां से होकर गुजर रहे लोग मई महीने में बर्फबारी देखकर हैरान रह गए।
शाम करीब चार बजे से सवा चार बजे के बीच मुगलरोड पर मानसर क्षेत्र से पीर की गली के बीच बर्फबारी शुरू हुई। इससे मानसर क्षेत्र में एक बार फिर से सफेद परत बिछ गई है। सुरनकोट के विकाज और एजाज ने कहा कि जैसे ही उन्होंने मानसर क्षेत्र को पार किया तो बर्फबारी होने लगी, जो कुछ समय बाद बंद हो गई।
उधर, बुधवार को पांच महीनों के बाद हल्के वाहनों के लिए खोली गई मुगलरोड पर देर रात 11 बजे के बाद अचानक फिसलन और हिमस्खलन से पुंछ जिले से कश्मीर की तरफ जा रहे दर्जनों वाहन पीर की गली के पीछे फंस गए। सूचना मिलने पर एसएचओ सुरनकोट अनिल शर्मा ने क्षेत्र में तैनात सेना और पीडब्ल्यूडी मेकेनिकल विंग के अधिकारियों और मशीनरी का सहयोग लिया। इस दौरान दो घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग साफ करा कर फंसे हुए वाहनों को पीर की गली पहुंचाया।
यहां से वाहन कश्मीर की तरफ रवाना हो गए। गौरतलब है कि बुधवार को मुगलरोड को हल्के वाहनों के लिए खोला गया था। इस दौरान करीब दो सौ हल्के वाहनों को कश्मीर के लिए छोड़ा गया था। देर शाम तक कश्मीर की तरफ वाहनों का जाना जारी रहा। इस बीच देर शाम को बहराम गल्ला की तरफ से कश्मीर के लिए रवाना हुए वाहन बीच रास्ते में फंस गए। कई यात्री भी घंटों वाहनों में फंसे रहे। पुलिस, सेना और मेकेनिकल विंग ने उनके वाहनों को वहां से निकाला।