जम्मू में नेकां के उपप्रधान उमर अब्दुल्ला ने आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को दोबारा टिकट देकर मैदान में उतारने के संकेत दिए हैं। शेर-ए-कश्मीर भवन में सोमवार को हुए पार्टी अधिवेशन में उमर ने कई विधानसभा क्षेत्रों को गिनाकर वहां पुराने दिग्गजों को कमान देने की बात कही।
उन्होंने कहा कि नेकां की जीत वाली कई सीटों पर भाजपा पहले ही हार मानकर अफवाहें फैलाने का काम कर रही है। इस दौरान कांग्रेस की पूर्व विधायक स्वर्ण लता ने नेकां का दामन थामा। वह वर्ष 2009-2014 के नेकां-कांग्रेस के गठबंधन सरकार के कार्यकाल में सोशल वेलफेयर वोर्ड की वायस चेयरपर्सन रहीं।
उमर ने कई वरिष्ठ नेताओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि वह चुनाव के लिए अपनी फौज (कार्यकर्ताओं) का नेतृत्व करें। नेकां को शर्मिंदा होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि उसने लोगों को धोखा देकर वोट नहीं लिए हैं। वर्करों की समस्या को समझते हैं। नेकां की फौज हर घर तक है। चुनाव में पार्टी के एजेंडे में भाजपा के भ्रष्टाचार, भेदभाव, बदहाली के मुद्दों के साथ नेकां अपनी बात भी रखेंगी। नेकां की सरकार बेरोजगारों के कल्याण के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त बनाने, बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं देने पर काम करेगी।
नेकां सभी सीटों पर अकेले लड़कर अपनी हुकूमत बनाने का काम करेगी। पार्टी कार्यकर्ताओं को रोटेशन आफ सीट और गठबंधन की बातों पर ध्यान केंद्रित करने की जरूरत नहीं है। इस दौरान प्रांतीय अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राणा, डॉ. शेख मुस्तफा कमाल, महासचिव अली मोहम्मद सागर आदि ने विचार रखे। अधिवेशन में नेकां जिला, ब्लाक प्रधान, सचिवों के साथ वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।