एलओसी पर पलांवाला सेक्टर में ग्रेफ के कैंप पर रविवार की देर रात हुए आतंकी हमले की जांच के लिए दिल्ली से ग्रेफ के डीजीबीआर लेफ्टिनेंट जनरल सुरेश शर्मा मंगलवार को बट्टल पहुंचे। ग्रेफ का कैंप बट्टल में ही है, जिस पर हमला हुआ। लेफ्टिनेंट जनरल के साथ कमांडर आरपी बांगर और चीफ इंजीनियर भी थे।
लेफ्टिनेंट जनरल समेत अन्य अधिकारियों ने आतंकी हमले से कैंप में हुुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। ग्रेफ के अधिकारियों ने हमले और कैंप में आग लगने से जले दस्तावेजों के बारे में जानकारी जुटाई। कहा कि पूरी जांच के बाद नष्ट हुए दस्तावेजों को फिर से तैयार कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आतंकी हमले में मारे गए सभी कैजुअल वर्कर्स के परिवारों को राज्य और केंद्र सरकार की ओर से सहायता दिलाई जाएगी। गौरतलब है कि बट्टल स्थित ग्रेफ के कैंप में आतंकी हमले में तीन कैजुअल वर्करों की मौत हो गई थी और एक जख्मी हुआ है। ग्रेफ का यह कैंप एलओसी से महज दो किलोमीटर की दूरी पर है।