माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटड़ा जाने वाले भक्तों को अब टोल टैक्स भरना होगा। जम्मू-उधमपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बन में बनाया गया टोल प्लाजा इसी माह के तीसरे सप्ताह में चालू कर दिया जाएगा।
नेशनल हाइवे अथारिटी आफ इंडिया ने इसकी तैयारियां कर ली हैं। अब निजी और यात्री वाहनों को टैक्स देकर ही कटड़ा, उधमपुर, डोडा, किश्तवाड़, श्रीनगर की ओर जाना होगा।
जम्मू से करीब 22 किलोमीटर की दूरी पर बन इलाके में राष्ट्रीय राजार्ग पर यह पहला टोल प्लाजा बनाया गया है। नंदनी के चारों टनल के खुलने के बाद ही बन टोल प्लाजा के खुलने की अटकलें लगाई जा रही थीं।
फरवरी के तीसरे सप्ताह की किसी भी दिन इसे खोला जा सकता है। टोल प्लाजा पर कार, जीप, वैन और अन्य छोटे चारपहिया वाहन के लिए एक तरफ की फीस 85 रुपये रखी गई है, जबकि 24 घंटे में लौटने पर दोनों तरफ की फीस 125 रुपये है।
महीने में 50 यात्रा के लिए फीस 2755 रुपये है। इसी तरह से एलसीवी, एलजीवी और मिनी बस का एक तरफ का टैक्स 135 रुपये, बस व ट्रक का 280 रुपये, तीन एक्सिस कर्मिशयल व्हीकल 305 रुपये, एचसीएम, ईएमई, एमएवी चार से छह एक्सिस व्हीकल को 440 रुपये और ओवर साइज्ड व्हीकल को एक तरफ का टैक्स 535 रुपये देना होगा।