- बिलों का देखा जा सकेगा पूरा विवरण, यूनिट चेक की जाएगी ऑनलाइन
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। अब बिजली कारपोरेशन कार्यालयों में बिल भरने के लिए लाइनों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। कारपोरेशन ने बिल सुविधा एप को लांच कर दिया है। इसके माध्यम से पंजीकरण करवाकर बिलों का भुगतान कर सकेंगे। डिजिटल समय में बिजली बिल प्रबंधन को आधुनिक बनाने में परिवर्तनकारी कदम है। पहले बिल का भुगतान सहुलियत एप के माध्यम से होता था। इसे बंद कर दिया गया है।
बिल सुविधा एप से तत्काल बिलों का भुगतान किया जा सकेगा। इसमें वर्तमान बिल को देखा जा सकेगा। भुगतान संबंधित जानकारी अंकित रहेगी। इसके अलावा ऑनलाइन यूनिट चेक कर सकेंगे। इसमें वास्तविक समय में बिजली खपत को ट्रैक किया जा सकेगा। स्मार्ट मीटर डेटा पर जानकारी मिल सकेगी। प्रीपेड उपभोक्ताओं को उनकी कटौती और रिचार्ज इतिहास देखने की अनुमति देता है। इस पहल का उद्देश्य पारदर्शिता बढ़ाना और सेवा वितरण में सुधार करना है। बिजली कारपोरेशन सभी उपभोक्ताओं को भविष्य में बिजली बिल भुगतान के लिए बिल सुविधा एप का उपयोग की सलाह देता है। अधिक जानकारी के लिए 0191-2479122, 18001807183 और 1912 पर संपर्क किया जा सकता है।