अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने मंगलवार को कहा कि पहलगाम हमले के बाद सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने वाली विभाजनकारी ताकतों की पहचान की जानी चाहिए। शांति एवं सद्भाव बनाए रखने के लिए उनसे सख्ती से निपटा जाना चाहिए। मुफ्ती ने कहा कि उन्हें देशभर के कश्मीरी छात्रों से फोन आए हैं, जो अशांति के कारण डर में जी रहे हैं।
उन्होंने कहा, कुछ संस्थानों ने परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं और छात्रों को सामान्य स्थिति बहाल होने तक घर लौटने की सलाह दी है। महबूबा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से हस्तक्षेप करने और सभी छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया, जब तक कि वे सुरक्षित रूप से घर नहीं लौट जाते। उन्होंने कहा, इसके अलावा सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक नफरत फैलाने वालों को कड़ा संदेश दिया जाना चाहिए। शांति एवं सद्भाव बनाए रखने के लिए ऐसी विभाजनकारी ताकतों की पहचान की जानी चाहिए और उनसे सख्ती से निपटा जाना चाहिए।