जम्मू-पठानकोट के दोहरीकरण ट्रैक पर रेलवे की तरफ से 12 से 14 मार्च तक एक बार फिर नान-इंटरलॉकिंग का काम शुरू होगा, जिसके चलते पठानकोट-जम्मू-उधमपुर के बीच चलने वाली दो डीएमयू रद्द की गई हैं। कुछ ट्रेनों को पठानकोट तक ही चलाया जा रहा है। इंटरलॉकिंग से तीन दिन तक यात्रियों को समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।
पठानकोट-जम्मू तवी सेक्शन के बुद्धी छन्न में 12 मार्च को इंटरलॉकिंग का काम करके डबल ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही शुरू करनी है। यह काम 14 मार्च तक चलेगा। इससे पठानकोट से जम्मू, उधमपुर और उधमपुर से जम्मू, पठानकोट तक चलने वाली डीएमयू 13 और 14 मार्च को रद्द रहेगी। पठानकोट से जम्मू और जम्मू से पठानकोट तक चलने डीएमयू 14 मार्च को रद्द होगी।
अहमदाबाद-जम्मू एक्सप्रेस, पुरानी दिल्ली जम्मू मेल कटड़ा एक्सप्रेस और जम्मू तवी भठिंडा एक्सप्रेस 14 मार्च को केवल पठानकोट तक चलेगी। वाराणसी-जम्मू तवी बेगमपुरा एक्सप्रेस 14 मार्च को पठानकोट कैंट स्टेशन तक ही पहुंचेगी।
कुछ ट्रेनें केवल पठानकोट तक पहुंचेंगी
- फोटो : pti
इंटरलॉकिंग कार्य के चलते कुछ ट्रेनों को घंटों बीच में रोका जाएगा, जिसके कारण ये ट्रेनें देरी से जम्मू पहुंचेंगी। बांद्रा-कटड़ा स्वराज एक्सप्रेस को 12 मार्च को एक घंटा, अहमदाबाद श्री माता वैष्णा देवी कटड़ा सर्वोदय एक्सप्रेस 13 मार्च को एक घंटा, बांद्रा-कटड़ा स्वराज एक्सप्रेस को 14 मार्च को पांच घंटे 35 मिनट रोका जाएगा।
इंदौर-जम्मू तवी मालवा एक्सप्रेस को 14 मार्च को पांच घंटे 35 मिनट, जम्मू तवी-टाटा नगर मूरी एक्सप्रेस को तीन घंटे 25 मिनट, अहमदाबाद-उधमपुर जन्मभूमि एक्सप्रेस 14 मार्च को सवा पांच घंटे, यशवंतपुर-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा सुविधा एक्सप्रेस को 14 मार्च को ढाई घंटे के लिए रोका जाएगा।
दो ट्रेनों के रूट में बदलाव
लखनऊ-सुल्तानपुर-वाराणसी सेक्शन के बीच होने वाले डबल ट्रैक के कार्य चलते जम्मू पहुंचने वाली दो ट्रेनों के रूट में 10 से 17 मार्च तक बदलाव किया गया है। बेगमपुरा-जम्मू तवी एक्सप्रेस अब प्रतापगढ़ से होकर निकलेगी। हावड़ा-जम्मू तवी हिमगिरि एक्सप्रेस 13 मार्च को जफराबाद और प्रतापगढ़ के रूट से होकर जम्मू पहुंचेगी।