घाटी में जारी छात्र हिंसा को रोकने के लिए राज्यपाल एनएन वोहरा जल्द कश्मीर के विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और हितधारकों के साथ बैठक करेंगे। छात्रों के हिंसा में शामिल होने की परिस्थितियों पर मंथन करके समाधान पर काम किया जाएगा।
कश्मीर में शैक्षणिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नई रणनीति पर काम होगा। घाटी के अशांत माहौल में छात्र हिंसा की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। राजभवन श्रीनगर में बुधवार को शिक्षा मंत्री अल्ताफ बुखारी के साथ बैठक में राज्यपाल ने यह फैसला लिया।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि हिंसा से छात्रों को बाहर रखने के लिए स्कूलों और उच्च शिक्षा विभाग पर निरंतर नजर रखी जा रही है। राज्यपाल ने कहा कि हिंसा में छात्रों की भागीदारी गंभीर मुद्दा है, लेकिन इसके लिए कारणों पर मंथन होना चाहिए। हाल ही में हिंसा में छात्र और छात्राएं शामिल रही हैं। उन्होंने दरबार मूव के चलते कानून व्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा पर चर्चा की।