अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के दौरे के दौरान आतंकी हमले की आशंका के मद्देनजर अंतरराष्ट्रीय सीमा और एलओसी पर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। पाक की हर हरकत पर सुरक्षा बलों की पैनी निगाह होगी। राज्यपाल एनएन वोहरा ने मंगलवार को यूनिफाइड हेडक्वार्टर की मीटिंग में राज्य की आंतरिक तथा बाह्य सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की।
उन्होंने बार्डर पर सुरक्षा इंतजामों के साथ ही आईबी व एलओसी पर घुसपैठ के प्रयासों तथा सुरक्षा बलों की ओर से की जा रही कार्रवाई का भी जायजा लिया। उन्होंने आतंकी घटनाओं के संबंध में मिले इनपुट्स के बाद सुरक्षा बलों तथा खुफिया एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बिठाकर ऐसे किसी भी प्रयास को नाकाम करने पर बल दिया।
सिविल सचिवालय में हुई कमांड की पहली बैठक में राज्यपाल ने सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक बिंदु की गहन समीक्षा की। बार्डर पर सुरक्षा हालात का जायजा लेते हुए उन्होंने आईबी, एलओसी तथा एलएसी पर सीमा पार संदिग्ध गतिविधियों तथा घुसपैठ के प्रयासों की समीक्षा की।
उन्होंने सीमांत ग्रामीणों की हर हाल में सुरक्षा सुनिश्चित करने की हिदायत देते हुए कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा सुरक्षा बलों के बीच इसके लिए बेहतर समन्वय होना चाहिए। उन्होंने आतंकी गतिविधियों की समीक्षा करते हुए बल दिया कि इस दौरान नागरिकों की जान माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। सुरक्षा बलों को अपनी क्षमता बढ़ाने के लिए प्रौद्योगिकी का अधिकाधिक इस्तेमाल करने को कहा।