उधमपुर हमले के बाकी बचे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कश्मीर घाटी गई नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) की टीम खाली हाथ लौट आई है।
पाकिस्तानी आतंकी नावेद और उसके साथियों को आर्थिक मदद देने वाले फाइनेंसर आशिक हुसैन भट्ट और ट्रक ड्राइवर फैयाज अहमद उर्फ सेठा के गैर जमानती वारंट एनआईए ने हासिल किए थे।
उनकी तलाश में एनआईए टीम दो बार कश्मीर का दौरा कर चुकी है, लेकिन वह अभी तक हाथ नहीं आए हैं। सूत्रों के अनुसार एनआईए टीम इस मामले का चालान जनवरी के तीसरे सप्ताह तक पेश कर सकती है।
चालान पेश करने से पहले एनआईए बाकी आरोपियों को हर हाल में गिरफ्तार करना चाहती है ताकि सभी आरोपियों के चालान एक साथ पेश किए जा सकें।
सूत्रों ने बताया कि टीम ने कश्मीर घाटी के अलग-अलग हिस्सों में छापामारी की, लेकिन मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन के बाद माहौल को देखते हुए टीम वापस लौट आई।