राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने साल 2011 के आतंकी फंडिंग मामले में हिजबुल मुजाहिदीन प्रमुख सैयद सलाहुद्दीन के बड़े बेटे, दामाद समेत छह लोगों से बुधवार को पूछताछ की। अधिकारियों ने बताया कि हिज्ब प्रमुख का बड़ा बेटा शकील यूसुफ पांच अन्य संदिग्धों के साथ जांच एजेंसी के समक्ष पेश हुआ।
शकील श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में मेडिकल असिस्टेंट के तौर पर काम करता है। अधिकारियों ने बताया कि एनआईए शकील से उन आरोपों के बारे में पूछताछ करना चाहती थी जिसमें कहा गया था कि उसे अपने पिता द्वारा अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय वायर ट्रांसफर कंपनी के जरिये भेजा गया फंड मिलता था।
एजेंसी ने आरोप लगाया था कि शकील उन लोगों में से एक था जो सऊदी अरब के हवाला संचालक एजाज अहमद भट के संपर्क में था। शकील एजाज से बात कर उससे फंड हासिल करने के कोड प्राप्त करता था।
अधिकारियों ने कहा कि इस मामले में शकील से दुबारा पूछताछ की जा सकती है। एनआईए ने साल अप्रैल 2011 में यह मामला दर्ज किया था। इस मामले में अब तक छह लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल हो चुके हैं।