भावी मुख्यमंत्री के रूप में महबूबा मुफ्ती के शपथ ग्रहण, मंत्रियों के विभागों के बदलने से लेकर पीडीपी-भाजपा गठबंधन पर शुक्रवार को सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
राजनीति से जुड़े लोग तो कयास लगाते ही रहे दफ्तरों, बाजारों से लेकर गली मोहल्लों में भी रियासत में मुख्यमंत्री की शपथ ग्रहण से लेकर राज्य सरकार और राज्यपाल शासन लगने के कयासों पर चर्चाएं गर्म रही।
भाजपा मुख्यालय कच्ची छावनी हो या फिर पीडीपी कार्यालय गांधीनगर या फिर कांग्रेस मुख्यालय शहीदी चौक हो या फिर नेकां कार्यालय शेर ए कश्मीर भवन, पैंथर्स पार्टी का गांधीनगर स्थित कार्यालय में भी मुफ्ती सईद के निधन के बाद महबूबा के शपथ ग्रहण व मंत्रिमंडल में कई मंत्रियों के विभागों को बांटने पर कयासों का दौर दिन भर जारी रहा।
सोशल मीडिया खासतौर से व्हाट्सएप पर तरह तरह के मैसेजों का आदान प्रदान होता रहा। हालांकि भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सत शर्मा का कहना है कि मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन से उनका परिवार सदमे में है। मुस्लिम परिवारों में चौथा किया जाता है। इसके बाद ही भाजपा पीडीपी के साथ चर्चा करेगी।