पठानकोट-अमृतसर रेल ट्रैक पर आतंकियों की लगाई आईईडी के विस्फोट होने से बड़ा हादसा हो सकता था। इसकी चपेट में जम्मू की दो ट्रेनें आ सकती थीं, लेकिन इसे संयोग ही कहा जाएगा कि इस ट्रैक पर चलने वाली जम्मू की दोनों ट्रेनें एक महीना पहले ही जालंधर से डायवर्ट कर दी गई थीं।
दरअसल, इस रूट पर मरम्मत का काम चलने की वजह से ऐसा किया गया। इस कारण जम्मू से अमृतसर होकर जाने वाली टाटा मूरी और भठिंडा एक्सप्रेस को जालंधर से डायवर्ट कर दिया गया।
रेलवे के डीटीएम आरसी मीना ने बताया कि इसे संयोग ही समझा जाए कि इस रूट की दोनों ट्रेनें एक महीना पहले से ही दूसरे रूट से जम्मू आ-जा रही हैं। वैसे तो ये ट्रेनें अमृतसर से होकर जाती हैं, लेकिन मरम्मत की वजह से अब ये ट्रेनें वाया चक्की बैंक, पठानकोट से होकर जा रही हैं।
इसकी वजह से पठानकोट-अमृतसर रेल ट्रैक बंद होने से इन ट्रेनों पर असर नहीं पड़ा। सोमवार को टाटा मूरी दोपहर को अपने निर्धारित समय पर जम्मू से निकली। हालांकि टाटा मूरी आने में डेढ़ घंटा देरी से पहुंची।
इस पर डीटीएम ने कहा कि एक से डेढ़ घंटा ट्रेनें रूटीन में ट्रैक क्लीयरिंग और प्लेटफार्म पर जगह नहीं मिलने पर लेट हो जाती हैं।
यह भी कहा कि जम्मू से आने-जाने वाली ट्रेनों पर पंजाब आतंकी हमले का कोई असर नहीं पड़ा। ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर पहुंचीं और रवाना हुईं।