अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को रियासत के साथ-साथ कश्मीर भी योग के रंग में रंग जाएगा। भाजपा ने बाबा राम देव के पतंजलि योग पीठ के योग प्रशिक्षकों को कश्मीर में योग दिवस पर योग करवाने के लिए संपर्क किया है और भाजपा के आग्रह को मंजूर भी कर लिया गया है।
कश्मीर में योग दिवस पर अनुलोम-विलोम, कपाल भाति और भ्रामरी प्राणायाम को मुख्य तौर पर सिखाया जा सकता है। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कश्मीर में हाल ही में हुए भाजपा के सदस्यता अभियान में पार्टी कार्यकर्ताओं की संख्या तीन लाख तीस हजार तक पहुंच चुकी है।
ऐसे में भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कवायद पर पहले विश्व योग दिवस को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी को जोर-शोर से शुरू कर दिया है।
श्रीनगर योग को लेकर उत्साह
कश्मीर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों के सिलसिले में पिछले दिनों से श्रीनगर में मौजूद भाजपा के प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समिति के चेयरमैन चंद्र मोहन शर्मा का कहना है कि योग दिवस को लेकर कश्मीर के लोगों में भी काफी उत्साह है।
पहले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कश्मीर में योग कार्यक्रमों के लिए पतंजलि योग पीठ के प्रशिक्षकों को भाजपा ने योग सिखाने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि उम्मीद है कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए कश्मीर में भी हजारों की संख्या में लोग 21 जून को योग करते नजर आएंगे।
लोगों के उत्साह को देखते हुए योग कार्यक्रम के लिए ऐसे स्थल की तलाश की जा रही है, जिसमें काफी संख्या में लोग आसानी से योग कर सकें।
जम्मू में अब तक का योग का सबसे बड़ा कार्यक्रम
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जम्मू और लद्दाख संभाग में लोगों में उत्साह देखते ही बन रहा है। इसके लिए योग से जुड़ी संस्थाओं के प्रदेश भाजपा और अन्य कई संगठन तैयारी में जुटे हैं।
खासतौर से योग को घर-घर तक पहुंचाने के लिए भाजपा ने अपने स्तर पर कमर कस ली है। जम्मू में मुख्य कार्यक्रम परेड ग्राउंड में हो सकता है। हालांकि इस पर अभी आखिरी मुहर नहीं लगी है।
भाजपा पार्टी नेताओं के अनुसार जम्मू में अब तक का योग का सबसे बड़ा कार्यक्रम होगा, जिसमें हजारों लोग एक साथ योग करते नजर आएंगे।