माता वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनजर कटड़ा से रविवार से एक और साप्ताहिक ट्रेन चलने लगी, जिससे खासकर पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश एवं बिहार के श्रद्धालुओं का सीधा कटड़ा से संपर्क स्थापित हो गया है। ट्रेन नंबर-04976 वैष्णो देवी मुजफ्फरपुर स्पेशल साप्ताहिक ट्रेन कटड़ा से शाम को रवाना हुई, जो जम्मू रेलवे स्टेशन पर शाम छह बजकर चालीस मिनट पर एक घंटे लेट से पहुंची।
गौरतलब है कि कटड़ा से यह ट्रेन हर रविवार को शाम चार बजकर बीस मिनट पर रवाना होगी जो जम्मू पांच बजकर चालीस मिनट पर पहुंचेगी। जानकारी के मुताबिक यह साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन माता वैष्णो देवी के दरबार में माथा टेकने जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सहायक सिद्ध हो रही है। कटड़ा रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों में इस ट्रेन को लेकर भारी उत्साह देखा गया।
उधमपुर और जम्मू में इस स्पेशल ट्रेन के पहुंचने पर खासकर जारी शारदीय नवरात्र में माता के दर्शन कर घर लौटने वाले श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। रेलवे स्टेशन जम्मू से मिली जानकारी के मुताबिक माता वैष्णो देवी-मुजफ्फरपुर स्पेशल ट्रेन हर रविवार को कटड़ा से शाम 4 बजकर 20 मिनट पर मुजफ्फरपुर रवाना होगी, जो जम्मू में 5 बजकर चालीस मिनट पर पहुंचेगी।