जम्मू। एयरलाइन कंपनी गो एयर 21 सितंबर से श्रीनगर से मुंबई के बीच सीधी विमान सेवा शुरू करने जा रही है। विमान सेवा सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को होगी। श्रीनगर और मुंबई के बीच यह पहली सीधी विमान सेवा होगी। इससे पहले परिचालित उड़ाने वाया जम्मू होकर श्रीनगर जाती हैं।
एयरलाइन कंपनी गो एयर ने अपने घरेलू नेटवर्क में 100 से अधिक नई उड़ानों को जोड़ने की घोषणा की है। इसी कड़ी में कंपनी ने मुबई से श्रीनगर के बीच सीधी विमान सेवा शुरू की। विमान नंबर आई5-633 सप्ताह में तीन दिन मुंबई से दोपहर 3 बजकर 15 मिनट पर उड़ान भरेगा और रात 8 बजकर पांच मिनट पर श्रीनगर पहुंचेगा। वहीं वापसी में श्रीनगर एयरपोर्ट से रात 8 बजकर 50 मिनट से उड़ान भरेगा। विमान में सफर करने के लिए ऑनलाइन बुकिंग सुविधा शुरू हो गई है। कोविड-19 के चलते उड्डयन मंत्रालय द्वारा जारी दिशा- निर्देशों के तहत फ्लाइट 40 प्रतिशत यात्रियों की क्षमता के साथ उड़ाने भरेगी। कंपनी ने मुंबई के मरीन ड्राइव और श्रीनगर के डल झील को जोड़ने के उद्देश्य के साथ इस विमान सेवा को शुरू किया है।