जम्मू। नवरात्रि पर शहर के मंदिरों में मां के दर्शन के लिए भक्तों का जमावड़ा है। रविवार को मां बावे वाली के दरबार में हजारों की संख्या में भक्त पहुंचे। तड़क सुबह से ही भक्तों के आने का सिलसिला शुरू हुआ जो देर रात तक चलता रहा। मां के दरबार में हाजिरी लगा कर भक्तों ने सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंजता रहे। सोमवार को दुर्गा अष्टमी पर भी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रहेगी।
नवरात्रि के उपलक्ष्य पर मंदिरों को सजाया गया है। बावे वाली माता मंदिर के साथ-साथ, महामाया मंदिर, चंडी माता मंदिर और कोल कंडोली मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ा रहा है। मां बावे वाली के दरबार में आम दिनों में भी रविवार के दिन बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते है, नवरात्रि होने पर भक्तों की संख्या हजारों में पहुंची थी। मंदिर परिसर से लेकर भवन तक लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर के कपाट तड़के चार बजे से खुल गया था। सोमवार को अष्टमी है, ऐसे में मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रहेगी। आष्टमी बड़ी संख्या में लोग कन्या पूजन करते हैं। कुछ लोग मंदिर में ही कन्या पूजन करते है। ऐसे में मंदिर में काफी भीड़ रहेगी।