जम्मू। चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की गई। रविवार को दूसरे दिन शहर के विभिन्न मंदिरों में भक्तों का हुजूम उमड़ा रहा। इस दौरान लोगों ने पूजा-अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की। रविवार की छुट्टी होने के चलते मंदिरों में काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। देर शाम तक शहर के प्रमुख मंदिर मां के जयकारों से गूंजते रहे।
शहर के बावे वाली माता मंदिर, रघुनाथ मंदिर, मां लक्ष्मी मंदिर, लक्ष्मी नारायण, कोल कंडोली में काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मां के दर्शन के लिए भक्तों में काफी उत्साह दिखाई दिया। नवरात्र पर्व को देखते हुए मंदिर प्रबंधनों ने विशेष व्यवस्था की गई है। लोगों के बैठने से लेकर अन्य सुविधाएं मुहैया करवाई गई हैं। मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचने वालों को कोविड एसओपी के पालन के लिए भी कहा जा रहा है।