नेशनल हेल्थ मिशन के तहत 2014-15 प्लान में रियासत में विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के लिए 514 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसमें कई नई योजनाओं को भी शामिल किया गया है। नई योजनाओं में शिशु चिकित्सा पर ज्यादा जोर दिया गया है।
कुल राशि में से राज्य सरकार को दस फीसदी 48.5 करोड़ रुपया वहन करना पड़ेगा। एनआरएचएम के प्रोजेक्ट निदेशक डा. यशपाल शर्मा के अनुसार नई योजनाओं से राज्य में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी।
रियासत में पहले से चल रही जेएसवाई, जेएसएसके, आरबीएसके आदि स्वास्थ्य योजनाओं को यथावत जारी रहेंगी। नई योजना में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरकेएसके) को आठ जिलों में शुरू किया जाएगा। इसके लिए 3.75 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसी तरह राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) को सभी जिलों में लागू किया जाएगा। इसमें जिला अरली इंटरवेंशन सेंटर (डीईआईसी) भी स्थापित किए जाएंगे। इस योजना के लिए 12.93 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। जिसमें 4 करोड़ रुपया से विभिन्न बीमारियों से जूझ रहे शिशु रोगियों को चिकित्सा सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।