जम्मू-कश्मीर के लोगों का दिल जीतने की हमेशा ख्वाहिश रखने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सितंबर माह में फिर रियासत में पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री बनने के बाद जुलाई माह में ही मोदी कटड़ा में रेल ट्रैक का उद्घाटन करने आए थे। लेकिन इस बार सितंबर में वे रियासत में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार करने आएंगे।
पिछले दिनों जम्मू-कश्मीर में चुनाव समन्वयक नियुक्त किए गए भाजपा प्रदेश इकाई के महासचिव बाली भगत ने बताया कि अगले माह से परिवर्तन रैलियां शुरू हो जाएंगी, जबकि प्रधानमंत्री सितंबर में रैली को संबोधित करने पहुंचेंगे।
मिशन प्लस 44 को हासिल करने के उद्देश्य से पार्टी ने चुनाव प्रचार के दौरान पार्टी के स्टार प्रचारक राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, सुषमा स्वराज जैसे नेता पहुंचेंगे। इतना ही नहीं, पार्टी के नए अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश में अप्रत्याशित सफलता दिलाने वाले अमित शाह भी चुनाव के समय जम्मू-कश्मीर में चुनावी रणनीति का चक्रव्यूह तैयार करेंगे।
चुनावी रणनीति और पार्टी उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए बुधवार को नई दिल्ली में विशेष बैठक होगी, जिसमें भाजपा अध्यक्ष अमित शाह स्वयं रियासत के नेताओं से विचार करेंगे। बाली भगत के अनुसार पार्टी उम्मीदवारों की सूची लगभग तैयार है।
प्रदेश इकाई ने पहले ही मंडल एवं जिला इकाइयों की बैठक कर चुनावी रणनीति पर अमर शुरू कर दिया है। ‘एक बूथ, पचास यूथ’ के नारे के साथ पार्टी ने बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की टीम बनानी शुरू कर दी है।