अखनूर। कस्बे के बाजारों में अतिक्रमण हटाने के लिए म्यूनिसिपल कमेटी ने 110 दुकानदारों को नोटिस दिया है। नोटिस में अतिक्रमण हटाने का तीन दिन का समय दिया है। नोटिस को लेकर दुकानदारों में हड़कंप मच गया है। उनमें म्यूनिसिपल कमेटी के प्रति रोष व्याप्त हो गया है।
जानकारी के अनुसार कस्बे के विभिन्न बाजारों में अतिक्रमण को लेकर आवाजाही करने वाले लोगों को कई परेशानियों से गुजरने और बारिश में पानी की निकासी सही नहीं होने पर प्रशासन के निर्देश पर म्यूनिसिपल कमेटी ने पहले फेज में मेन चौक से राजा बाजार तक के अतिक्रमण किए 110 दुकानदारों को चिह्नित करके उन्हें नोटिस दिया है। इसमें तीन दिन की अवधि से पहले दुकान के आगे फुटपाथ और नाली पर बने थड़ों को हटाने के लिए कहा गया है। अन्यथा की स्थिति में कमेटी तोड़फोड़ की कार्रवाई करेगी। इस दौरान किसी नुकसान की जिम्मेदारी खुद दुकानदार की होगी।
कमेटी के नोटिस जारी करने पर दुकानदारों में हड़कंप मच गया है। दुकानदारों का कहना है कमेटी ने एकतरफा निर्णय लेकर कार्रवाई का फैसला किया है जो सही नहीं है। दुकानदारों को भी विश्वास में करके निर्णय लिया जाना चाहिए। दुकानदारों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने के लिए कमेटी को मात्र तीन का समय नहीं देना चाहिए। अतिक्रमण जगह पर चिह्नित करके कार्रवाई करनी चाहिए न कि अधिकतर दुकानदारों पर कार्रवाई। उन्होंने बताया कि अगर कमेटी की तरफ से कार्रवाई की गई तो विरोध किया जाएगा।
------
कस्बे में अतिक्रमण हटाने और नालियों में पानी की निकासी पर दुकानदारों को नोटिस जारी करके तीन दिन का समय दिया है। इसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
-रजत अबरोल, ईओ, म्यूनिसिपल कमेटी