पुंछ में बर्फबारी के बीच फंसा ट्रक
- फोटो : मुनीष शर्मा
सुरनकोट के पहाड़ी गांव मनेई में एक मां और उसकी नाबालिग बेटी हिमस्खलन में बर्फ के करीब चार फुट नीचे दब गईं। करीब एक घंटे बाद जब परिजन और आसपास के लोगों द्वारा राहत एवं बचाव कार्य चलाते हुए कड़े प्रयास से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी पहचान नसरीन अख्तर पत्नी मोहम्मद आरिफ और पुत्री जाहिरा कौसर (10) के रूप में हुई है।
शनिवार दोपहर बाद सुरनकोट के पहाड़ी गांव मनेई निवासी मोहम्मद आरिफ की पत्नी नसरीन अख्तर बेटी जाहिरा को साथ लेकर घर से नीचे की तरफ कुछ दूरी पर स्थित प्रकृति जलाशय से पानी लेने के लिए निकली थी। इस दौरान हिमस्खलन होने से वह बीच रास्ते में ही बर्फ के नीचे दब गईं।
करीब एक घंटा बीत जाने पर जब दोनों वापस नहीं लौटीं तो परिजनों ने आस पड़ोस के लोगों को साथ लेकर उनकी तलाश शुरू की। जहां पर उन्होंने बर्फ के तोदों से जलाशय की तरफ जाने वाले रास्ते को बंद पाया। उन्हें आशंका हुई कि कहीं वह इन बर्फ के तोदों के नीचे तो नहीं दब गईं।
परिजनों एवं ग्रामीणों ने बर्फ हटाने का काम शुरू किया। कुछ मिनटों में मां को बेहोशी की हालत में बर्फ में दबे पाया और उसे बाहर निकाला। कुछ दूरी पर बच्ची को बर्फ के नीचे को भी दबे पाया। वह होश में थी, जिसके बाद उसे भी बर्फ हटाकर बाहर निकाला, जिससे दोनों जिंदा बच गईं।
दोनों को बर्फ से निकाल कर घर पहुंचाया गया। जहां से बाद में उन्हें नजदीकी प्राथमिक चिकित्सा केंद्र में जांच के लिए ले जाया गया। जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।