- प्रदेश सरकार ने किया जवाब तलब
- संतोषजनक उत्तर नहीं देने पर होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत खराब प्रदर्शन को लेकर जम्मू-कश्मीर के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने प्रदेश के 80 ब्लॉक डेवलपमेंट अफसरों (बीडीओ) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्रदेश सरकार ने सभी से जवाब तलब किया है। संतोषजनक उत्तर नहीं देने पर इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सचिव आरडी एंड पीआर की अध्यक्षता में 18 जून को हुई प्रगति समीक्षा बैठक के बाद यह नोटिस जारी किया गया है। नोटिस के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही समाप्ति की ओर है। इसके बावजूद संबंधित ब्लॉकों में मनरेगा के लाभार्थियों को या तो बिल्कुल रोजगार नहीं दिया गया या फिर निम्न स्तर पर कार्य उपलब्ध कराया गया। यह न केवल योजना की भावना के विरुद्ध है, बल्कि प्रशासनिक उदासीनता को भी दर्शाता है।
नोटिस में यह भी उल्लेख है कि पीडी (परसन-डे) जनरेशन समय पर न होने के कारण वार्षिक लक्ष्यों की पूर्ति असंभव प्रतीत हो रही है, जबकि जिलों को पूर्व वर्षों के आधार पर माहवार लक्ष्यों की जानकारी दी जा चुकी थी। बावजूद इसके फील्ड स्टाफ की उपस्थिति के बाद भी ठोस प्रयासों की कमी पाई गई।
नोटिस जारी करने के साथ ही चेतावनी भी दी गई है कि यदि बीडीओ नियत समय पर संतोषजनक उत्तर नहीं देते हैं तो उनके विरुद्ध जम्मू-कश्मीर सिविल सर्विस रूल्स और अपील व आचरण नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
.......................
लापरवाही के बिंदु, जो सामने आए
- पूर्व वर्षों के आधार पर जिलेवार मासिक लक्ष्य तय किए गए थे, लेकिन इनकी अनदेखी की गई।
- पर्याप्त फील्ड और तकनीकी स्टाफ की मौजूदगी के बावजूद प्रभावी निगरानी नहीं की गई।
- संबंधित बीडीओ कार्यों में निष्क्रिय और गैर-जिम्मेदार रवैया दिखाते नजर आए।
- सहायक स्टाफ का वेतन भी पीडी जनरेशन पर आधारित है, जिसे लेकर कोई रणनीति नहीं बनाई गई।
....................
इन ब्लॉकों के बीडीओ को नोटिस भेजा
जिन ब्लॉकों के बीडीओ को नोटिस भेजा गया है, उनमें अनंतनाग, बांदीपोरा, डोडा, कठुआ, किश्तवार, कुपवाड़ा, पुलवामा, रियासी, सांबा, उधमपुर समेत लगभग सभी जिलों के चयनित ब्लॉक शामिल हैं।
जिलेवार ब्लॉकों की सूची
अनंतनाग: शंगस
बडगाम: परनेवा, सुखनाग (हार्ड पंझू)
बांदीपोरा: अलोसा, बकतोर, बांडीपोरा, गुरेज, नैडखाई, नौगाम
बारामुला: हारडाबोरा
डोडा: अस्सर, भद्रवाह, भलेसा (गंदोह), चंगा, डोडा, गुंदाना, जकियास, कहरा
जम्मू: अखनूर, सतवारी
कठुआ: बग्गन, बिलावर, डुग्गन, कीड़ियां गंडियाल, मांडली, नगरोटा गुजरू
किश्तवाड़: बुनजवाह, दच्छन, द्रबशाला, इंदरवल, किश्तवाड़, मुगल मैदान, नागसानी, पाडर, पलमार, ठकराई, त्रिगाम
कुलगाम: बेहीबाग, कुंड, पोम्बाय
कुपवाड़ा: केरन, लंगेट, माच्छिल, राजवार, रेड्डी चौकीबाल, तंगधार, तीथवाल, त्रथपोरा
पुंछ: लसाना
पुलवामा: अर्पाल, अवंतीपोरा, डडसुरा, शादिमार्ग, त्राल
राजोरी: दरहाल, नाैशेरा
रामबन: बनिहाल, गूल, गुंडी धरम
रियासी: अरनास, जीज बगली, कटरा, पंथयाल, रियासी, ठाकरा कोट
सांबा: बाड़ी ब्राह्मणा, नड, पुरमंडल, राजपुरा, रामगढ़
श्रीनगर : कमरवाड़ी
उधमपुर: चनुंता, जगानु, कुलवंता, लाटी, नरसू, परलीधार, रामनगर, टिकरी, उधमपुर