-दरबार में चादर चढ़ाकर परिवार की सुख-शांति के लिए की प्रार्थना
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। सीमावर्ती गांव सई में पीर बाबा हरापीर के स्थान पर वीरवार को वार्षिक मेला करवाया गया। इसमें हजारों की संख्या में संगत ने बाबा के दरबार में चादर चढ़ाई। माथा टेककर परिवार की सुख-शांति की कामना की।
मेले में प्रदेश के अलावा बाहरी राज्यों से आए लोगों ने तालाब में स्नान भी किया। मान्यता है कि बाबा हरापीर के स्थान पर बने तालाब में स्नान करने पर चमड़ी रोग ठीक हो जाता है। दरगाह पर हिंदू, मुस्लिम, सिख सभी धर्मों के लोग हर वीरवार और रविवार को दरबार में माथा टेकने आते हैं। लोगों ने मेले में सजी दुकानों पर खूब खरीदारी की। युवा व बच्चों में मेले को लेकर काफी उत्साह दिखा। वहीं, प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर पुख्ता व्यवस्था की थी। बाबा हरापीर दरगाह कमेटी के सदस्यों ने बाबा से क्षेत्र व दुनिया में अमन शांति बनाए रखने की कामना की।