जम्मू। सौभाग्य योजना में करोड़ों की गड़बड़ी मामले में विभाग ठेकेदारों और अफसरों पर सख्त कार्रवाई करने जा रहा है। इसमें तीस से ज्यादा अफसरों-कर्मचारियों के नाम शामिल हैं जबकि 12 से ज्यादा ठेकेदार भी हैं। विभाग अब इन अधिकारियों और कर्मचारियों को सस्पेंड करेगा जबकि ठेकेदारों के लाइसेंस रद्द होंगे।
हालांकि एंटी करप्शन ब्यूरो ने रिपोर्ट को कोर्ट में जमा करवा दिया है और कार्रवाई की सिफारिश की है। वहीं, बिजली कारपोरेशन के पास भी इसकी प्रतियां पहुंच चुकी हैं। इसमें विभागीय स्तर पर जांच आरंभ हो चुकी है। बताया जा रहा है कि रिपोर्ट काफी विस्तृत है। इसमें करोड़ों रुपये का घोटाला सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार सौभाग्य योजना के तहत प्रदेश भर में कुल 1 करोड़ 75 लाख 41 हजार 971 रुपये का हेरफेर सामने आया है।
गांदरबल जिले में 1.75 करोड़ का घालमेल हुआ है। यहां पर 2885 खंभे लगाए गए जबकि भुगतान 4298 खंभों का हुआ। अधिशासी अभियंता ने मार्च 2019 तक सौभाग्य पोर्टल पर बिल गलत तरीके से लोड किए। डोडा में 1.03 करोड़ का घोटाला हुआ है। यहां पर 13470 खंभे लगाए गए जबकि 14547 का ही भुगतान हुआ। इसी तरह डोडा में 31 मार्च 2019 से पहले ही काम पूरा होने के तथ्य को अवैध रूप से लोड किया गया। शुरूआती जांच में 1.03 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।