केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र जम्मू-कश्मीर को देश का नंबर एक पर्यटन स्थल बनाने के लिए हर संभव कदम उठाएगा। उन्होंने मुगल गार्डन को यूनेस्को हेरिटेज मैप पर लाने के लिए जम्मू-कश्मीर प्रशासन को पूरा समर्थन देने का वादा किया ताकि इन स्थानों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिले। इससे विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी।
रेड्डी ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान अन्य राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की तुलना में जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग ने बेहतर काम किया। कहा, जम्मू-कश्मीर प्रगति कर रहा है और सही दिशा में आगे बढ़ रहा है और केंद्र सरकार इस क्षेत्र को शेष भारत के समान समृद्धि की ओर ले जाने के लिए हर तरह से समर्थन कर रही है।
यात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री ने वेरीनाग में 10-बेडरूम वाले पर्यटक परिसर, लदूरा रफियाबाद में सेब रिसॉर्ट और अवंतिपोरा में कई विकास परियोजनाओं को शुरू किया। होटल व्यवसायियों, ट्रैवल एजेंटों, हाउसबोट मालिकों सहित पर्यटन उद्योग के विभिन्न क्षेत्रों के हितधारकों के साथ अपनी बातचीत में, रेड्डी ने घाटी में पर्यटन और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि केंद्रा जम्मू-कश्मीर को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में ब्रांड करने के लिए अपने क्षेत्र में सब कुछ करेगा। इस दौरान पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों ने हैदराबाद, कोलकाता, चेन्नई सहित देश के विभिन्न शहरों से श्रीनगर के लिए सीधी उड़ानें
शुरू करने की मांग की। साथ ही नए और अक्षुण्य पर्यटन स्थलों के विकास, पर्यटन स्थलों पर बेहतर मोबाइल कनेक्टिविटी, पहलगाम, गुलमर्ग जैसे पर्यटन स्थलों पर पुराने होटलों के नवीनीकरण की भी मांग की।
उन्होंने रॉयल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स में विभिन्न सरकारी स्कूलों के छात्रों के साथ भी बातचीत की, जिन्हें कश्मीर गोल्फ क्लब में गोल्फ में प्रशिक्षित किया गया था।
रेड्डी ने कहा कि कश्मीर दुनिया भर के पर्यटकों और गोल्फरों के लिए एक पसंदीदा गोल्फ स्थल है और स्थानीय युवाओं को इस गोल्फ क्लब का ज्यादा से ज्याद लाभ मिलना चाहिए।