कश्मीर के शोपियां में अज्ञात आतंकियों के द्वारा एक स्थानीय व्यक्ति की कार को लूटने के बाद इस पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आतंकियों द्वारा इस इलाके में एक ऑल्टो कार लूटे जाने की खबर मिली है जिसको लेकर दक्षिणी कश्मीर के कई इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक इस क्रम में कश्मीर के शोपियां, पुलवामा और कुलगाम जिलों में सुरक्षाबलों को किसी आतंकी साजिश की आशंका होने के अलर्ट जारी किए गए हैं। गौरतलब है कि इससे पूर्व कश्मीर में पिछले कुछ दिनों में दक्षिण कश्मीर का इलाका आतंकियों के निशाने पर भी रहा है।
हालांकि अब तक सूत्रों के हवाले से मिली सूचना के अनुसार लूटी गई कार को तो बरामद कर लिया गया है लेकिन इस बात की तफ्तीश की जा रही है कि इस वारदात को अंजाम देने वाले कौन थे और क्या इसके पीछे कोई आतंकी साजिश है।