दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के पंजगाम अवंतीपोरा में आतंकियों ने वीरवार की देर शाम सीआरपीएफ के कैंप पर हमलाकर गोलियां बरसाईं। सतर्क संतरी की ओर से जवाबी कार्रवाई के बाद आतंकी मौके से भाग निकले। इसमें किसी प्रकार की नुकसान की सूचना नहीं है।
पुलिस के कश्मीर रेंज के आईजीपी एसपी पाणि ने बताया कि किसी प्रकार का कोई हमला नहीं हुआ है। संतरी ने कोई संदिग्ध हरकत देखते हुए कुछ राउंड फायर किए। इसके बाद इलाके में सुरक्षाबलों द्वारा तलाशी अभियान शुरू किया गया है।
सूत्रों के अनुसार पंजगाम अवंतीपोरा में स्थित सीआरपीएफ के 185 बटालियन के कैंप पर दो से तीन आतंकियों ने वीरवार शाम करीब 8:05 बजे फायरिंग की। हमले की आशंका पर संतरी ने जवाबी फायरिंग की तो आतंकी भाग निकले।
घटना के बाद सेना की 55 राष्ट्रीय राइफल्स, सीआरपीएफ की 130 और 185 बटालियन के साथ-साथ पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप द्वारा इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया।
फायरिंग से इलाके में दहशत की स्थिति रही। गौरतलब है कि आतंकियों ने हमले को ऐसे समय में अंजाम दिया जब सीआरपीएफ के डीजी आरआर भट्टनागर कश्मीर दौरे पर हैं।
बता दें कि आतंकियों ने इससे पहले भी श्रीनगर के करन नगर में भी सीआरपीएफ 23 बटालियन के कैंप पर हमला करने की कोशिश की थी। हालांकि आतंकियों के मंसूबे को गेट पर तैनात जवानों ने नाकाम कर दिया था, लेकिन आतंकी भागकर एक इमारत में छिप गए थे। जिसके बाद दोनों तरफ से फायरिंग हुई।
गोलीबारी में सुरक्षाबलों ने दोनों आतंकियों को ढेर किया था। इस दौरान एक जवान शहीद हुआ था। बताया गया कि सीआरपीएफ की 23 बटालियन के गेट पर तैनात संतरियों ने सोमवार तड़के करीब साढ़े चार बजे एके 47 और पिट्ठू बैग पहने दो आतंकियों को कैंप की ओर आते देखा था।