दक्षिणी कश्मीर के शोपियां में बुर्कानशीं आतंकियों ने रविवार की सुबह पुलिस थाने पर हमला कर दिया। इसमें एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया। घटना के बाद आतंकी शहीद पुलिसकर्मी की राइफल लेकर फरार हो गए।
रविवार की सुबह लगभग साढ़े छह बजे आतंकियों के एक ग्रुप ने शोपियां थाने पर पहुंचकर पहले ग्रेनेड से हमला किया। इसके बाद अंधाधुंध फायरिंग की। इसमें संतरी साकिब मीर (निवासी जावूरा) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस का दावा है कि हमला होने के बाद जवाबी कार्रवाई की गई। घटना के तत्काल बाद मौके पर पहुंचे पुलिस तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों ने घटना की जानकारी हासिल की। इसके साथ ही आस-पास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया। शहीद पुलिसकर्मी को सदर पुलिस थाने में गार्ड आफ आनर दिया गया। डीआईजी-दक्षिणी कश्मीर अमित कुमार के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
ज्ञात हो कि इससे पहले 20 सितंबर को आतंकियों ने तीन पुलिसकर्मियों को गोली से निशाना बनाया था। वीरवार को सुरक्षाबलों की कार्रवाई में अलग-अलग स्थानों पर लश्कर कमांडर और हिजबुल के दो आतंकी मारे गए थे।