कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में सुरक्षाबलों ने आतंक की एक बड़ी साजिश को नाकाम किया है। जानकारी के मुताबिक श्रीनगर में सुरक्षाबलों ने घातक हथियारों के साथ आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन के 3 आतंकियों को हिरासत में लिया है।
मिली सूचना के अनुसार श्रीनगर के बाहरी इलाके में स्थित बेमिना बाईपास पर पुलिस द्वारा नाका लगाकर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान चेकिंग में पुलिस द्वारा 3 आतंकियों को हिरासत में लिया गया है जो कि आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन के आतंकी बताए जा रहे हैं।
पकड़े आतंकियों की पहचान रियाज अहमद वानी, इकलाख अहमद खांडे और तौसीफ-उल नबी के रूप में हुई है। ये सभी जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पकड़े गए आतंकियों के पास से 2 चाइनीज पिस्टल, 25 कारतूस, 4 जिंदा ग्रेनेड, एक वायरलेस सेट और एक बिस्फोटकों से भरा पैकेट मिला है। जानकारी के मुताबिक पकड़े गए आतंकियों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए इनसे एजेंसियों के अधिकारी लगातार पूछताछ कर रहे हैं।