छात्राओं को चाबी शौंपती महबूबा मुफ्ती
- फोटो : Amar Ujala
मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के लाभ को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने मंगलवार को गांदरबल जिले की 50 मेधावी छात्राओं में स्कूटी वितरित की।
छात्राओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना को शुरू करने का उद्देश्य छात्राओं को बेहतर गतिशीलता प्रदान करना है, ताकि वे बिना किसी कठिनाई के अपने सपनों को बेहतर तरीके से पूरा कर सकें।
उन्होंने उम्मीद जताई कि यह योजना लड़कियों में विश्वास पैदा करेगी और वे पढ़ाई पर बेहतर ध्यान केंद्रित कर अपने माता-पिता और समाज में ख्याति प्राप्त कर सकती हैं। महबूबा मुफ्ती ने कहा कि इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए, उनकी सरकार ने महिला यात्रियों की सुविधा के लिए श्रीनगर और जम्मू के राजधानी शहरों में महिला बस सेवा शुरू करने का आदेश दिया था और अन्य जिलों में इस सेवा का विस्तार करने के लिए संभावनाओं का भी पता लगाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि गंदरबल की लड़कियां इस योजना से जुड़ गई हैं। मुख्यमंत्री ने पिछले साल सितंबर में यह योजना शुरू की थी और अब तक राज्य के विभिन्न कालेजों की 1100 छात्राओं को इसका लाभ मिल चुका है।
स्कीम के तहत स्कूटी खरीदने के लिए मेधावी छात्राओं को सरकार द्वारा 50 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान की जाती है। इस मौके पर पीडब्ल्यूूडी मंत्री नईम अख्तर, गांदरबल के विधायक इशफाक जब्बार, पूर्व मंत्री काजी अफ जल, मंडलायुक्त कश्मीर बसीर अहमद खान, आईजीपी कश्मीर एसजेएम गिलानी आदि मौजूद थे।