दक्षिण कश्मीर में अनंतनाग के कनलीवन बीजबेहाड़ा में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मंगलवार सुबह एक आतंकी मारा गया। वहीं इस मुठभेड़ में दो आतंकियों के बच निकलने की खबर भी है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि यह वही आतंकी हैं जिन्होंने गत सोमवार को एक ट्रक चालक की हत्या की थी।
कश्मीर घाटी के अनंतनाग और बारामूला जिले में सोमवार को आतंकियों ने ताबड़तोड़ वारदातें अंजाम दीं। बिजबिहाड़ा में रात को आतंकियों ने कटड़ा निवासी एक ट्रक चालक की हत्या कर दी, जबकि सोपोर में बस स्टैंड के नजदीक दो बार ग्रेनेड हमले किए।
दोनों घटनाएं मंगलवार को होने वाले यूरोपीय यूनियन के सांसदों के कश्मीर दौरे से एक दिन पहले अंजाम दी गई हैं। माना जा रहा है कि आतंकी ईयू सांसदों के दौरे से तो बौखलाहट में हैं ही, वे 31 अक्तूबर को राज्य पुनर्गठन कानून के लागू होने से पहले लोगों में दहशत भी फैलाना चाहते हैं।
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा इलाके के कनीलवान इलाके में सोमवार रात आतंकियों ने इशारा कर दो ट्रकों को रोक लिया। ट्रक रुकने पर आतंकियों ने दोनों ट्रकों पर सवार छह लोगों को बाहर निकाल कर पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद एक चालक को गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।