विधायक के तौर पर शपथ लेती महबूबा मुफ्ती
- फोटो : ANI
जम्मू कश्मीर की पहली महिला मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने गुरुवार को अनंतनाग के विधायक के तौर पर पद की शपथ ग्रहण की। महबूबा मुफ्ती ने अनंतनाग उपचुनाव में करीब 12 हजार मतों से रिकॉर्ड जीत हासिल की है। यह सीट उनके पिता मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन के बाद खाली हो गई थी।
श्रीगनर स्थित विधानसभा नें महबूबा मुफ्ती को विधायक पद की शपथ विधानसभा के स्पीकर कविन्द्र गुप्ता ने दिलाई। महबूबा ने शपथ कश्मीरी भाषा में ली है। इस अवसर पर संसदीय मामलों के मंत्री अब्दुल रहमान वीरी, कानूनमंत्री अब्दुल हक खान मंत्री, मंत्री परिषद के अन्य सदस्य, उपाध्यक्ष नजीर गुरेजी, विधानसभा सचिव और पीडीपी के महासचिव मोहम्मद सरताज मदनी उपस्थित थे।
सीएम के तौर पर राज्य की गठबंधन सरकार की कमान संभालने वाली महबूबा के लिए अनिवार्य था कि वो विधानसभा अथवा विधान परिषद की सदस्य हों। इससे पहले महबूबा मुफ्ती अनंतनाग लोकसभा से सांसद थी। अब यह लोकसभा सीट महबूबा मुफ्ती के इस्तीफे के बाद खाली हो गई है।