महबूबा ने कहा कि अंग्रेजों से आजादी के लिए देश को 200 साल लगे। भाजपा ने 70 साल बाद अनुच्छेद 370 को हटाया है। इसे वापस लेने के लिए हमें 70 माह भी लग सकते हैं, लेकिन 370 की वापसी हर हाल में करनी होगी।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीडीपी(पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा कि केंद्र यदि कश्मीर को अपने साथ रखना चाहता है तो उसे अनुच्छेद 370 लौटाना होगा। जम्मू-कश्मीर ने महात्मा गांधी के भारत को चुना था। यहां की अवाम नाथुराम गोडसे के भारत के साथ नहीं जा सकती।
पीडीपी, नेकां(नेशनल कांफ्रेंस) के बाद कांग्रेस को दो फाड़ करने की साजिश
महबूबा ने कहा कि भाजपा ने पूरे देश को धर्म के आधार पर बांट दिया है। जम्मू-कश्मीर में ये लोग पीडीपी और नेकां को तोड़ने के बाद अब कांग्रेस को दोफाड़ करने में लगे हैं। गुलाम नबी आजाद गुट की हलचल की ओर इशारा करते हुए महबूबा ने कहा कि भाजपा एक धड़े को कांग्रेस और दूसरे को अपनी जेब में रखना चाहती है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर को हटाने की मांग को लेकर गुलाम नबी आजाद गुट के बड़े नेताओें ने कांग्रेस पार्टी के ओहदों से सामूहिक इस्तीफा दिया है।